होता समय महान है

 


  समय-समय की बलिहारी है,

 होता समय महान है ।

    समय के आगे सब झुकते हैं ,

      समय बड़ा बलवान है।।

जो नर लड़ता देख समय से,

   सदा पराजय होती है ।

    साथ-साथ जो चले समय के,

      विजय उसी की होती है।।


 समय देखकर करे कृत्य जो,

   उसे सफलता मिलती है,

     खाद, बीज, जल समय पै दे जो

      बगिया उसकी खिलती है।।


 चक्र समय का कभी न रुकता,

   देखे नित्य जहान है।

     समय के आगे सब झुकते हैं,

       समय बड़ा बलवान है।।1।।


समय ने सब को सबक सिखाया,

   समय किसी का दास नहीं। 

    समय-समय पर समय सदा ही,

      करवाता आभास सही।।


 जो सुनता आवाज़ समय की,

    समय सदा उसकी सुनता।

      जो नर सुनता नहीं समय की,

        वह पछताता सिर धुनता।।


 रावण कितना बलशाली था,

   बचा न एक निशान है।

     समय के आगे सब झुकते हैं ,

      समय बड़ा बलवान है।।2।।


पांडव बलशाली थे फिर भी,

  चीर लुटा पांचाली का

   अर्जुन का गांडीव मौन था,

      समय रहा बदहाली का।।


 श्री कृष्ण थे  साथ किन्तु वे ,

नहीं युद्ध को टाल सके।

     माने हार समय के आगे,

      बड़े -बड़े थे वीर थके।।


समय समस्या का हल बनता,

  बने समय व्यवधान है।

     समय के आगे सब झुकते हैं,

       समय बड़ा बलवान है।।3।।

🍁🍁🍁🍁🍁🍁🍁🍁

जिसने दुख झेले हैं भारी,

 सुख भी उसको आएंगे।

  समय बदलता रहता सबका,

    दुख पीछे रह जाएंगे।।


     बात समय की जिसने मानी,

      वह तो मालामाल हुआ।

         सुनकर भी जो बहरे बन गए,

          बाधक उनको काल हुआ।


क़द्र समय की नहीं करें जो ,

   वह मूरख इन्सान है।

     समय के आगे सब झुकते हैं ,

       समय बड़ा बलवान है।।4।।

🌹🌹🌹🌹🌹🌹ऊ🌹🌹

ज्यों वाणी से शब्द निकल कर,

   वापस कभी न आते हैं।

     धनु से छूटा तीर कभी क्या,

        वापस तुम ला पाते हैं।।


 क्षण-क्षण है अनमोल समय का,

  बीता समय न आ सकता।

    जो करता है मान समय का,

       वही लक्ष्य को पा सकता।। 


 समय की सत्ता जिसने जानी,

  "सुमनेश" वही महान है।

     समय के आगे सब झुकते हैं ,

        समय बड़ा बलवान है।।5

डॉ. सुरेश चतुर्वेदी "सुमनेश"

नमक कटरा भरतपुर राज.


No comments:

Post a Comment

Featured Post

महावीर तपोभूमि उज्जैन में द्वि-दिवसीय विशिष्ट विद्वत् सम्मेलन संपन्न

उज्जैन 27 नवम्बर 2022। महावीर तपोभूमि उज्जैन में ‘उज्जैन का जैन इतिहास’ विषय पर आचार्यश्री पुष्पदंत सागर जी के प्रखर शिष्य आचार्यश्री प्रज्ञ...

Popular